भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ धाम में की विधिवत पूजा-अर्चना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवघर:
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने देवघर प्रवास के दौरान सपरिवार विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।

पूजा-अर्चना के दौरान तीर्थ पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त से विधिवत संकल्प कराया गया। इसके उपरांत श्री ज्ञानेश कुमार ने देवघर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ पर जलाभिषेक कर श्रद्धापूर्वक पूजा संपन्न की। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया और जनकल्याण की कामना की।

मंदिर प्रशासन द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आगमन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन-पूजन के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतज़ाम देखने को मिले। श्रद्धालुओं के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त की उपस्थिति को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।


पूजा-अर्चना के पश्चात श्री ज्ञानेश कुमार ने बाबा बैद्यनाथ धाम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थल न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। उन्होंने देवघरवासियों और श्रद्धालुओं के प्रति अपनी शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें