रांची जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद, बेसहारा और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है। जिला प्रशासन की ओर से जिले भर में कंबल वितरण के साथ-साथ प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड से लोगों को राहत मिल सके।

इस राहत अभियान की स्वयं निगरानी उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री कर रहे हैं। वे नियमित रूप से रात्रि में शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं और जरूरतमंदों के बीच खुद कंबल का वितरण भी कर रहे हैं। उपायुक्त ने पहले ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शीतलहर के कारण किसी भी व्यक्ति को परेशानी न हो और सभी जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचे।
इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री चिरौंदी स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्धजनों एवं आश्रमवासियों के बीच कंबल वितरित किए। कंबल पाकर वृद्धजनों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और ठंड से राहत मिलने पर खुशी जाहिर की।
इस दौरान सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा, रांची श्री रविशंकर मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी कोई ठंड से पीड़ित बेसहारा व्यक्ति नजर आए, तो तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना/प्रखंड कार्यालय को सूचना दें, ताकि समय पर राहत पहुंचाई जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ठंड से बचाव उसकी प्राथमिकता है और यह राहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर:
📞 अबुआ साथी – 9430328080









