भारी बारिश में भी नहीं थमा फुटबॉल का जुनून, NTL लालगंज बना चैंपियन; जयराम महतो ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- राजधानी रांची के कांके प्रखंड अंतर्गत फुरहुराटोली, केदल, बीआईटी क्षेत्र में आयोजित FC फुरहुराटोली फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में NTL लालगंज और मुनिस्टर FC कांके की टीमें आमने-सामने थीं। भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का जोश कम नहीं हुआ। मैदान में हजारों की संख्या में खेलप्रेमियों और ग्रामीणों की मौजूदगी देखने को मिली।

फाइनल मुकाबले में NTL लालगंज की टीम विजेता बनी, जबकि मुनिस्टर FC कांके को उपविजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर दोनों टीमों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. जयराम महतो और विशिष्ट अतिथि देवेन्द्र नाथ महतो सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

जयराम महतो ने कहा- हर व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरी विधायक एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. जयराम महतो ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। खेल से मानसिक और शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन तथा सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।

उन्होंने झारखंड की वर्तमान राजनीतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य गठन के 26 वर्षों बाद राजनीति के तेवर में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने सरायकेला थाना में महिलाओं के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक जवाबदेही और ऐसी घटनाओं में कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो पीड़ित न्याय के लिए आखिर कहां जाए?

देवेन्द्र नाथ महतो ने उठाए शिक्षा, रोजगार और पलायन के मुद्दे

विशिष्ट अतिथि दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीमवर्क, संघर्ष और लक्ष्य प्राप्ति की सीख देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी राज्य के युवा रोजगार की तलाश में पलायन करने को मजबूर हैं। किसान और मजदूर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा शिक्षा एवं भर्ती व्यवस्था में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें बनी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल सत्ता और कुर्सी प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसा झारखंड बनाना है जहां प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और राज्य में पलायन पर रोक सुनिश्चित हो। उन्होंने JPSC-JSSC सहित सभी भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता को जरूरी बताया। ब्लॉक, अंचल एवं थाना स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कहते हुए उन्होंने लोगों से समाज में भ्रम, नफरत और विभाजन फैलाने वाली अफवाहों से सावधान रहने तथा एकता बनाए रखने की अपील की।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. जयराम महतो और विशिष्ट अतिथि देवेन्द्र नाथ महतो के साथ मनरखन महतो, अध्यक्ष एमआरएम एजुकेशन ट्रस्ट; संतोष महतो, अध्यक्ष उदय मेमोरियल बीएड कॉलेज; राहुल मुंडा, मुखिया ग्राम पंचायत केदल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा जितेंद्र महतो, संजय कुमार महतो, मनीष महतो, महावीर साहू, कृष्णा महतो, एकलाख अंसारी, लक्ष्मण महतो, डॉ. महेश कुमार, बिहारी महतो, फुलेसर बैठा, रूपा महतो, भोला महतो, विराट महतो सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

आयोजन समिति के सदस्यों का रहा महत्वपूर्ण योगदान

इस फुटबॉल टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार महतो, सचिव चंदन कुमार महतो और कोषाध्यक्ष बिरेंद्र महतो सहित पूरी आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

भारी बारिश के बीच हजारों खेलप्रेमियों की उपस्थिति और खिलाड़ियों के उत्साह ने FC फुरहुराटोली फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 को यादगार बना दिया। प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेल से जोड़ने का संदेश दिया।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें