भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, खनिज अधिनियम कानून 2026 और चंदा चोरी के खिलाफ केंद्र पर निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लोहरदगा:- भारी बारिश के बावजूद लोहरदगा जिला कांग्रेस कमिटी ने खनिज अधिनियम कानून 2026 एवं चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर जिला समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखेर भगत ने की। कार्यक्रम में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव एवं जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी आलोक कुमार दूबे विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता हाथों में विभिन्न नारों और संदेशों वाली तख्तियां लेकर धरना पर बैठे थे। प्रदर्शन में केंद्र सरकार की नीतियों और खनिज संसाधनों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।

‘जल हमारा, जमीन हमारी, खनिज हमारा, फिर फैसला दिल्ली का क्यों?’

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि, “जल हमारा, जमीन हमारी, खनिज हमारा, प्रदूषण हमारा, विस्थापन हमारा और फैसला दिल्ली का—यह नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज पदार्थों पर यहां के आदिवासियों और मूलवासियों का नियंत्रण पहले से ही बेहद सीमित है। खनिज संपदा के दोहन के कारण स्थानीय लोगों को विस्थापन और प्रदूषण का दंश झेलना पड़ रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार का यह निर्णय झारखंड के हितों के खिलाफ है और इसका व्यापक विरोध किया जाएगा।

खनिज राजस्व से चल रही जनकल्याणकारी योजनाएं

विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों और यहां के लोगों के अधिकारों को प्रभावित करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।

डॉ. उरांव ने कहा कि वर्ष 2024 में सर्वोच्च न्यायालय का एक महत्वपूर्ण निर्णय आया था, जिसमें राज्यों के खनिज अधिकारों पर कर लगाने के अधिकार को स्पष्ट किया गया था। इस निर्णय के आधार पर राज्य सरकार ने कोयले को छोड़कर अन्य खनिजों पर सेस लगाना शुरू किया। उन्होंने कहा कि कोयले के मामले में भारत सरकार और राज्य सरकार दोनों को रॉयल्टी प्राप्त होती है। उनके अनुसार खनिजों पर सेस के माध्यम से राज्य को वर्ष 2025-26 और 2026-27 में लगभग 13 करोड़ रुपये सालाना की अतिरिक्त आमदनी होने लगी है।

उन्होंने कहा कि इस राजस्व का उपयोग राज्य सरकार जनकल्याण और मूलभूत सुविधाओं के विकास में कर रही है। धोती-साड़ी योजना, मंईयां सम्मान योजना, राशन कार्ड, पेंशन सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं में इस आय का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यों से राय लिए बिना इस प्रकार का निर्णय लेना उचित नहीं है।

‘प्राकृतिक संसाधनों पर गिद्ध की नजर’

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पूरे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर खनिज अधिनियम कानून 2026 एवं चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नजर झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर पहले से ही गिद्ध की तरह लगी हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अपने जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा के अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित और झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

‘अधिकार की लड़ाई पहले भी लड़ी है, आगे भी लड़ेंगे’

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत ने कहा कि “अधिकार की लड़ाई कांग्रेस ने पहले भी लड़ी है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।” उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर पहला अधिकार यहां की जनता का है और उनके हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद सांसद सुखदेव भगत, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी आलोक कुमार दूबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत, निक्षित जायसवाल, मोहन दूबे एवं साजिद अहमद बेलू ने संयुक्त रूप से राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन उपायुक्त, लोहरदगा के माध्यम से प्रेषित किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता रोहित उरांव, विधायक प्रतिनिधि निशित जायसवाल, विनय उरांव, निसार अहमद, मोहन दूबे, आलोक साहू, विशाल डुंगडुंग, सीमा परवीन, मुजम्मिल अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, दीपक महतो, ऐनूल अंसारी, रविन्दर खैरवार, जुगल भगत, अनीस अहमद, बुद्धदेव उरांव, तनवीर गौहर, सत्यदेव भगत, यूनुस अंसारी, मुनीम अंसारी, सुशीला देवी, संतोषी उरांव, मस्ताक अंसारी, सरिता खलखो, हरि भगत और मुनवर आलम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें