वैश्य मोर्चा का तृतीय महाधिवेशन 30-31 अक्टूबर को कांके में, केंद्रीय तैयारी समिति गठित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा के तृतीय महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कांके के सुकुरहुट्टू स्थित कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु के आवासीय कार्यालय में केंद्रीय तैयारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 30-31 अक्टूबर को कांके में होने वाले तृतीय महाधिवेशन के आयोजन, जिला कमिटियों के गठन और तैयारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव बीरेन्द्र कुमार ने किया। बैठक में तय किया गया कि तृतीय महाधिवेशन केंद्रीय तैयारी समिति की अगुवाई और देखरेख में संपन्न कराया जाएगा। महाधिवेशन से जुड़े अलग-अलग कार्यों के लिए केंद्रीय तैयारी समिति के अंतर्गत उप-समितियां गठित कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

हीरानाथ साहु बने केंद्रीय तैयारी समिति के संयोजक

बैठक में सर्वसम्मति से हीरानाथ साहु को केंद्रीय तैयारी समिति का संयोजक चुना गया। इसके बाद हीरानाथ साहु ने अपने सहयोग के लिए चतुर साहु, ओरमांझी और उपेन्द्र प्रसाद, धुर्वा को सह संयोजक नियुक्त किया। इससे पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने परशुराम प्रसाद, रांची, बसंत प्रसाद साहु, ओरला और आदित्य पोद्दार, सुकुरहुट्टू को केंद्रीय तैयारी समिति का सदस्य मनोनीत किया।

अलग-अलग उप-समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में महाधिवेशन की तैयारियों को गति देने के लिए विभिन्न उप-समितियों के संयोजकों की भी घोषणा की गई। प्रचार-प्रसार समिति की जिम्मेदारी बीरेन्द्र कुमार, दौरा एवं जनसंपर्क समिति की जिम्मेदारी अशोक कुमार गुप्ता, अतिथि आमंत्रण समिति की जिम्मेदारी रेखा मंडल और बैठक एवं कार्यक्रम निर्धारण समिति की जिम्मेदारी परशुराम प्रसाद को दी गई।

इसी तरह संविधान एवं प्रस्तावना समिति के संयोजक रामसेवक प्रसाद, सोशल मीडिया समिति के युवराज साहु, प्रेस-मीडिया समिति के राहुल कुमार साहु तथा स्मारिका प्रकाशन, प्रचार सामग्री एवं कोष संग्रह समिति के संयोजक महेश्वर साहु बनाए गए। उप-समितियों के सभी संयोजक अपनी सुविधा के अनुसार तीन से पांच सदस्यों को जोड़कर कार्य करेंगे।

2 सितंबर को हजारीबाग जिला कमिटि का गठन

बैठक में तय किया गया कि केंद्रीय महासचिव सह हजारीबाग जिला प्रभारी रामाशंकर राजन, जिलाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद साहु के साथ समन्वय बनाकर 2 सितंबर को हजारीबाग जिला कमिटि का गठन करेंगे। इसके साथ ही संगठन को जिला स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में आगे की गतिविधियों को तेज करने पर भी चर्चा हुई।

समाज के प्रबुद्धजनों को बनाया जाएगा संरक्षक

महाधिवेशन को सफल बनाने के लिए समाज के प्रबुद्धजनों और समाजसेवियों को संरक्षक बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में 30 अक्टूबर को होने वाले खुले सत्र में आमंत्रित किए जाने वाले अतिथियों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

तैयारी समिति की अगली बैठक 3 सितंबर को कांके में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में केंद्रीय तैयारी समिति से श्रीमती रेखा मंडल, हीरानाथ साहु, रामसेवक प्रसाद, दिनेश्वर साहु, लक्ष्मण साहु, परशुराम प्रसाद, उपेन्द्र प्रसाद, चतुर साहु, रामाशंकर राजन, कृष्णा साहु केशरी, अनिल वैश्य, बसंत प्रसाद साहु, डॉ. अरविंद कुमार, राजकुमार केशरी, कृष्णदेव साहु, शंकर प्रसाद, हलधर साहु, आदित्य पोद्दार, रुद्र प्रताप साहु सहित अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें