राँची:- पुराना विधानसभा परिसर में सपनों की उड़ान संस्था की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 50 से 60 प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया। इनमें विभिन्न खेलों में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे भी शामिल रहे।
संस्था की डायरेक्टर एवं संस्थापक मीरा गुप्ता ने बताया कि बच्चों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और उनके मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था की ओर से प्रतिभावान बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बच्चों को प्रशिक्षण देने वाले उनके कोचों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शंकर दुबे सहित ममता रंजन, रीना गुप्ता, साक्षी, आर्यन, श्यामजीत, भूपेंद्र, पली, रेनू रंजन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में संस्था की ओर से हरियाली तीज समारोह का आयोजन किया गया। इसमें करीब 100 से 150 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आयोजन के दौरान शामिल सभी महिलाओं को संस्था की ओर से मोमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
संस्था की डायरेक्टर मीरा गुप्ता ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना और महिलाओं को सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ना संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, बच्चों, कोचों और महिलाओं के प्रति आभार जताया।
सपनों की उड़ान संस्था की पहली वर्षगांठ का यह आयोजन बच्चों की प्रतिभा को सम्मान देने के साथ-साथ महिलाओं की सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव का भी अवसर बना। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संस्था के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की उम्मीद जताई।









