राँची:- गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, रांची इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन एजुकेशन, झारखंड में सत्र 2026–28 के प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन कम इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम्, दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रार्थना के साथ हुआ। इस अवसर पर नए प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए महाविद्यालय में उनके शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण जीवन की नई यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सत्र 2025–27 के प्रशिक्षु शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल—परविंद, देवाशीष, विनय, कुमार गौरव, सौरभ, सोमनाथ, प्रतीक, अमृत, हेमंत एवं बादल द्वारा सत्र 2026–28 के नवप्रवेशित प्रशिक्षु शिक्षकों का चंदन तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। यह स्वागत कार्यक्रम वरिष्ठ एवं नवागंतुक प्रशिक्षु शिक्षकों के बीच अपनत्व, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा की सुंदर अभिव्यक्ति रहा।
प्राचार्य प्रभारी ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रभारी डॉ. रमन कुमार झा ने की। डॉ. चंद्र मदय सिंह ने माँ सरस्वती के समक्ष प्रार्थना का नेतृत्व किया। डॉ. ओम प्रकाश ने इंडक्शन कार्यक्रम की रूपरेखा एवं महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का परिचय कराया।
इस दौरान श्री भागीरथ आर्य ने पाठ्यक्रम की जानकारी, जबकि श्री पंकज कुमार मेहता ने परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रशिक्षु शिक्षकों के साथ साझा की। डॉ. जाकिर हुसैन, श्री धनंजय तिवारी, श्री दुलाल चंद्र महतो, डॉ. समीर कुमार एवं श्री राकेश कुमार यादव सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षु शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
संवाद एवं परिचर्चा के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षु शिक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं परिचर्चा हुई तथा आयोजन समिति द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
महाविद्यालय परिवार ने नवप्रवेशित प्रशिक्षु शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षक-प्रशिक्षण केवल पाठ्यक्रम पूरा करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक आदर्श शिक्षक के निर्माण की यात्रा है। सत्र 2026–28 के प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए यह दिन उनके प्रशिक्षण जीवन की एक नई और प्रेरणादायी शुरुआत के रूप में यादगार रहा।









