सीसीएल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक संपन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग एवं क्षेत्रों को किया गया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में बुधवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग को और अधिक सशक्त बनाना था।

बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री अशोक कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधकगण, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री अशोक कुमार द्वारा सभी अतिथियों एवं अधिकारियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद उप-प्रबंधक (राजभाषा) श्री दिविक दिवेश ने बीते तीन महीनों के दौरान संचालित राजभाषा कार्यक्रमों, योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।

तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से विभिन्न कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग, राजभाषा नीति के अनुपालन तथा कार्यप्रणाली में हुए सुधारों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने भविष्य की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया ताकि संगठन में हिंदी का प्रयोग और अधिक प्रभावी एवं व्यवहारिक बनाया जा सके।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री अशोक कुमार ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय समाज, संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का सशक्त प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि हिंदी के माध्यम से विचारों और भावनाओं की सहज अभिव्यक्ति संभव होती है तथा यह संगठन और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का कार्य करती है।

बैठक को संबोधित करते हुए निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, सहज और प्रभावी बनाता है। उन्होंने कहा कि यदि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी दैनिक कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देंगे तो राजभाषा नीति के उद्देश्यों की पूर्ति के साथ-साथ संगठन की कार्यक्षमता और संवाद व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रयोग को राष्ट्रसेवा के समान बताते हुए इसे नियमित कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन, नवाचार एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए कई विभागों और क्षेत्रों को सम्मानित किया गया। कल्याण विभाग, सामान्य प्रशासन तथा प्रणाली विभाग को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं बोकारो एवं करगली क्षेत्र, कथारा क्षेत्र, ढोरी क्षेत्र, कल्याण एवं सेवाएं विभाग, मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग, सुरक्षा विभाग, मानव संसाधन विकास विभाग, औद्योगिक अभियंत्रण विभाग, भूगर्भ विभाग, श्रम शक्ति विभाग, समाधान सेल तथा भर्ती विभाग को प्रशंसा पत्र देकर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।

बैठक का समापन संगठन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग को और अधिक मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से न केवल राजभाषा नीति को मजबूती मिलेगी, बल्कि संगठनात्मक दक्षता और कार्यसंस्कृति भी और अधिक सशक्त होगी।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें