धुर्वा में तीसरी बार सामूहिक विवाह: 72 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, 21 मुस्लिम बेटियों ने दी एकता की मिसाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनहित सेवा ट्रस्ट के आयोजन में हिंदू-मुस्लिम एकता की दिखी मिसाल, रेनू सिंह की अगुवाई में संपन्न हुईं शादियां


रांची के धुर्वा क्षेत्र में रविवार को सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली। जनहित सेवा ट्रस्ट द्वारा तीसरी बार आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में कुल 72 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इस आयोजन में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के जोड़ों ने एक साथ नए जीवन की शुरुआत कर सामाजिक एकता का संदेश दिया।

समारोह में 21 मुस्लिम महिलाओं समेत सभी धर्मों के जोड़ों की शादियां पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार संपन्न कराई गईं। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, खुशी और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

जनहित सेवा ट्रस्ट की संस्थापिका रेनू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

ट्रस्ट की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भी भेंट की गई, ताकि वे अपने वैवाहिक जीवन की बेहतर शुरुआत कर सकें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं रांची प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी और समाजसेवी वसीम अकरम मौजूद रहे। News Wave Jharkhand की टीम से सौरव सिंह, श्रुति सिंह, विनीत उपाध्याय और ऋत्तिक सिंह ने आयोजन में सहयोग किया।

इसके अलावा सचिव राहुल कुमार सिंह, शिल्पी कुमारी वर्मा, पूजा देवी, ज्योति शर्मा, शांति उरांव, अभिषेक चौहान, आकाश बाबा, सूरज बाबा, डीके यादव और आकाश शर्मा समेत कई लोग कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

समारोह के दौरान ज्योति सिंह एवं News Wave Jharkhand की ओर से महिलाओं के बीच साड़ी और मुस्लिम महिलाओं को सूट वितरित किए गए। सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

जनहित सेवा ट्रस्ट के सचिव राहुल सिंह ने कहा कि यह उनकी मां रेनू सिंह का सपना है, जिसे हर हाल में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने वाला यह अभियान आने वाले वर्षों में और भी भव्य रूप लेगा।

वहीं वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र गिरी ने कहा कि धुर्वा से लगातार तीसरी बार एकता और भाईचारे का संदेश गया है। उन्होंने कहा कि जब अलग-अलग समुदायों की बेटियां एक साथ विदा होती हैं, तो समाज में नफरत खुद हार जाती है।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें