राँची:- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, दरभंगा हाउस कैंपस, रांची में शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को भव्य ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, कोल कर्मियों, श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में तिरंगे और देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक: हर्ष नाथ मिश्र
निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान हर भारतीय के दिल में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
09 अगस्त से 17 अगस्त तक चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
सीसी एंड पीआर विभाग के प्रमुख श्री आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ कंपनी के सभी कोयला क्षेत्रों में 09 अगस्त 2026 से ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान आगामी 17 अगस्त 2026 तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में साइकिल रैली, पैदल मार्च, बाइक रैली सहित कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कोल कर्मियों के साथ-साथ श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, हितधारक, स्थानीय ग्रामीण, युवा, बच्चे और उनके परिवार भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर-मन तिरंगा’ और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ा दिया। ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य ने पूरे वातावरण में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। प्रस्तुति के दौरान परिसर में मौजूद लोगों ने देशभक्ति के जज्बे के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
‘सीसीएल के ताऊ’ बने सेल्फी प्वाइंट का आकर्षण
कार्यक्रम में तिरंगे की थीम पर तैयार किया गया भव्य सेल्फी प्वाइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। राष्ट्रध्वज और देशभक्ति की थीम पर सुसज्जित इस सेल्फी प्वाइंट पर बड़ी संख्या में कोल कर्मियों एवं अतिथियों ने तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान ‘सीसीएल के ताऊ’ भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कर्मियों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेकर उन्हें साझा करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और राष्ट्रप्रेम का संदेश आगे बढ़ाया। इससे कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच उत्साह और भी बढ़ गया।
‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजा सीसीएल मुख्यालय
कार्यक्रम के दौरान सीसीएल मुख्यालय पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा हाथों में लिए कोल कर्मियों और उपस्थित लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के जयघोष से पूरा दरभंगा हाउस कैंपस गूंजायमान रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान का आयोजन किया गया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सीसीएल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि कोल कर्मियों और उनके परिवारों सहित समाज के विभिन्न वर्गों में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को भी मजबूत करने वाला रहा।









