राँची:- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने 24 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा लिए गए निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के फैसले को छात्र हित में ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताते हुए आंदोलनरत छात्रों से अब आंदोलन समाप्त करने की अपील की है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने तथा JPSC और JSSC की परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय युवाओं के विश्वास को बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्र विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। सरकार की ओर से अब आंदोलनरत छात्रों की लगभग सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार किए जाने की दिशा में निर्णय लिया गया है। उनके अनुसार, परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन भविष्य में अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने और परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सरकार ने सुधार प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है। इससे आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को बेहतर बनाने और अभ्यर्थियों के बीच भरोसा कायम करने में मदद मिलेगी।
आलोक दूबे ने आंदोलनरत छात्रों से भावुक अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संघर्ष अपने उद्देश्य तक पहुंच चुका है। ऐसे में अब छात्रों को आंदोलन समाप्त कर अपनी ऊर्जा पढ़ाई और भविष्य की तैयारी में लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में उठाया गया यह कदम सकारात्मक शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को तय समयसीमा में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।









