राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 17 अगस्त 2026 को डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधी नगर में भव्य तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसी एंड पीआर विभाग, सीसीएल के प्रमुख श्री आलोक कुमार गुप्ता, विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, डीएवी गांधी नगर के प्रधानाध्यापक श्री पी. के. झा, शिक्षकगण तथा सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गौरतलब है कि सीसीएल मुख्यालय समेत विभिन्न कोयला क्षेत्रों में 9 अगस्त 2026 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज सीसीएल गांधी नगर कैंपस में तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने पर जोर
इस अवसर पर सीसी एंड पीआर विभाग, सीसीएल के प्रमुख श्री आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी में देश के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सीसीएल सदैव सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहा है और आगे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और सीसीएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
गांधी नगर में आयोजित इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण और प्रभावशाली बना दिया।









