JTET नियमावली में देरी पर रामगढ़ में उबाल, 10 साल से परीक्षा लंबित होने पर सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रामगढ़:- JTET परीक्षा नियमावली को मंजूरी नहीं मिलने के विरोध में सोमवार को रामगढ़ में झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष सह छात्र नेता चंदन कुमार के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में बीएड और डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

अभ्यर्थियों ने रामगढ़ कॉलेज गेट से सुभाष चौक तक विशाल पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर JTET परीक्षा जल्द आयोजित करने की मांग की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले 10 वर्षों से JTET परीक्षा लंबित है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता, प्रशासनिक लापरवाही और भाषा विवाद के कारण बार-बार परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो रही है।

सुभाष चौक पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों की पढ़ाई और प्रशिक्षण के बावजूद रोजगार का अवसर नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है।

प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में बिमल कुमार, परमिला कुमारी, राधे मेहता, सुबोध कुमार, शशि कुमार, स्वीटी कुमारी, कोमल, पूजा, मधुमिता और दिलीप मेहता सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें