वैश्य मोर्चा केंद्रीय समिति की बैठक में महाधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा, कई कार्यक्रमों की घोषणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- राँची के रेडियम रोड स्थित होटल आलोका सभागार में बुधवार को झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा, केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव बीरेन्द्र कुमार ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 30-31 अक्टूबर को कांके में आयोजित होने वाले तृतीय महाधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा, जिला समितियों के गठन और सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा करना था।

बैठक की शुरुआत में केंद्रीय तैयारी समिति के संयोजक हीरानाथ साहु ने महाधिवेशन की तैयारियों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाधिवेशन को लेकर केंद्रीय तैयारी समिति की अब तक तीन बैठकें हो चुकी हैं और समिति के सदस्यों को आगे की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बैठक के दौरान केंद्रीय पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि महाधिवेशन की तैयारियों को गांव और जमीनी स्तर तक ले जाने की आवश्यकता है, ताकि संगठन से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके और सरकार एवं प्रशासन का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जा सके।

28 सितंबर को प्रखंड एवं प्रमुख क्षेत्रों में बैठक

बैठक में विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सभी प्रखंडों और प्रमुख क्षेत्रों में बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों के माध्यम से तृतीय महाधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप देने और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया जाएगा।

2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर कई स्थानों पर कार्यक्रम

इसके अलावा 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर रामगढ़ के दामोदर नदी घाट स्थित गांधी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद रामगढ़ थाना चौक, भुरकुंडा, गांधी नगर पतरातू थर्मल, कांके और रांची के मोरहाबादी मैदान में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

12 अक्टूबर को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

बैठक में 12 अक्टूबर को डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर रांची में केंद्रीय पदाधिकारियों, सदस्यों और महाधिवेशन की तैयारी समिति से जुड़े सदस्यों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

चेंबर चुनाव में टीम मुकेश अग्रवाल के समर्थन की अपील

बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर 13 सितंबर को होने वाले झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव को लेकर सदस्यों और मतदाताओं से टीम मुकेश अग्रवाल को समर्थन देने की अपील की गई। मोर्चा की ओर से टीम मुकेश अग्रवाल को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की गई।

मंत्री सुदीप्य कुमार सोनू के निधन पर शोक

बैठक के अंत में झारखंड के मंत्री सुदीप्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु, वरीय उपाध्यक्ष रामसेवक प्रसाद, केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश्वर साहु, लक्ष्मण साहु, परशुराम प्रसाद, उप प्रधान महासचिव अशोक गुप्ता, उपेन्द्र प्रसाद, केंद्रीय महासचिव चतुर साहु, संगठन महासचिव जगदीश साहु, कृष्णा साहु केशरी, अनिल वैश्य, मुख्य प्रवक्ता रोहित कुमार साहु, केंद्रीय सचिव राजेंद्र साहु, मीडिया प्रभारी राहुल कुमार साहु, केंद्रीय सदस्य मुकेशलाल सिंदूरिया, विश्वामित्र गुप्ता ‘बाचल’, पवन कुमार, जिलाध्यक्ष महेंद्र प्रसाद साहु, महासचिव बिंदु देवी (हजारीबाग), कृष्णदेव साहु (रांची), राजकुमार केशरी (रामगढ़), युवा मोर्चा अध्यक्ष हलधर साहु, आदित्य पोद्दार, रुद्र प्रताप साहु सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें