राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान ने आयोजित की किसान गोष्ठी, 93 किसानों ने लिया भाग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोडरमा:- कोडरमा में राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान के संयोजन कार्यालय में संस्था से जुड़े किसानों के साथ किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में सतगावां एवं चंदवारा प्रखंड के लगभग 93 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि, आजीविका, आधुनिक खेती और कृषि से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी देना तथा किसानों के अनुभवों को साझा करना रहा।

गोष्ठी का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष श्री रामधन प्रसाद यादव, जिला परिषद सदस्य भाग संख्या एक सतगावां श्रीमती नीतू देवी, कृषि विज्ञान केंद्र जयनगर के निदेशक श्री ए.के. राय, संस्थान के सचिव श्री मनोज दांगी, सदस्य श्रीमती जोसेफिन एक्का, नुनेश्वर यादव एवं नईम उद्दीन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

किसानों को आजीविका कार्यक्रम की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। श्री निर्भय कुल एवं सुमंत कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान द्वारा संचालित आजीविका कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कृषि के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को बताया।

इस दौरान किसान अर्जुन मुसहर अंगार ने करीब चार वर्ष पूर्व संस्थान की ओर से मिले डीजल पंप के सहयोग से अपने जीवन में आए बदलाव के बारे में अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि कृषि कार्य में मिले सहयोग से उनकी आर्थिक स्थिति में बदलाव आया और इसी आय से उन्होंने अपने दो बेटों को बी.ए. तक की पढ़ाई कराई।

इसी क्रम में वासुदेव यादव, वीरेंद्र यादव करचैता, पार्वती देवी, बलभद्र राय पांडूतरी, चंद्रदेव राय अम्बाबाद एवं संगीता देवी महुआदोहर चंदवारा ने कृषि क्षेत्र में किए गए अपने प्रयासों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी साझा की।

ग्रामीण विकास में संस्थान के प्रयासों की सराहना

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष श्री रामधन यादव ने कहा कि वे राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान के कार्यों से करीब 15 वर्षों से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है और ग्रामीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। किसानों से उनके जीवन में आए आर्थिक बदलाव और स्वावलंबन की बातें सुनकर उन्होंने प्रसन्नता जताई और संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

कृषि विज्ञान केंद्र जयनगर के निदेशक श्री ए.के. राय ने किसानों को सामान्य कृषि से आगे बढ़कर असामान्य एवं विविध कृषि की ओर जाने की जानकारी दी। उन्होंने बंजर भूमि पर बेल, आंवला, शरीफा, पपीता और बेर जैसी फसलों की खेती के साथ उत्पादन के बाद बाजार की जानकारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए के.वी.के. जयनगर की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जिला परिषद सदस्य श्रीमती नीतू कुमारी ने कोठियार और राजाबर पंचायत में संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस बात की साक्षी हैं कि संस्था किस तरह गांवों के विकास के लिए समर्पित भाव से काम कर रही है।

सितंबर में लगने वाली फसलों की दी जानकारी

गोष्ठी में प्रगतिशील किसान रामचंद्र महतो ने सितंबर माह में लगाई जाने वाली फसलों के संबंध में किसानों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मौसमी एवं नगदी फसलों की खेती पर चर्चा करते हुए बताया कि वर्तमान समय में मटर, गाजर, फूलगोभी, पत्तागोभी सहित कई प्रकार की सब्जियां लगाने का समय है। उन्होंने ग्राफ्टेड सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने गोबर एवं जैविक कृषि को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए इस दिशा में लगातार सहयोग करने की बात कही। समाजसेवी मनोज कुमार झुन्नु ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि संस्थान द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे ईमानदार प्रयासों का लाभ समुदाय और समाज को मिल रहा है।

सात प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सहयोग से कृषि कार्य के माध्यम से अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले सात प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। वीरेंद्र यादव, वासुदेव यादव, पार्वती देवी, अर्जुन मुसहर, सीताराम राय, बलभद्र राय एवं चंद्रदेव राय को अंगवस्त्र एवं आम का पौधा देकर सम्मानित किया गया।

11 किसानों के बीच कृषि उपकरण का वितरण

किसानों को कृषि कार्य में सुविधा उपलब्ध कराने, आय सृजन के अवसर बढ़ाने और आजीविका को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 11 किसानों के बीच कृषि उपकरणों का वितरण भी किया गया। इस पहल से किसानों को कृषि कार्य में सुविधा मिलने के साथ उनकी आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज दांगी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री सुरेश राय, सुजीत कुमार, राजेंद्र राम, संगीता कुमारी, संतोष यादव, जयलाल राय, पोखन राय, कारण राय, योगेंद्र कुमार, नवलेश कुमार, विनोद कुमार, सलूजा कुमारी, शक्ति कुमार, भारती देवी, उपेंद्र राय सहित अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें