राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी) द्वारा शुक्रवार को सतर्कता विभाग के तत्वावधान में ‘आईटी एवं साइबर सुरक्षा तथा साइबर हाइजीन’ विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सतर्कता जागरूकता अभियान (VAC) 2026-27 की प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रृंखला के तहत आयोजित किया गया।
साइबर सुरक्षा को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को किया गया जागरूक
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री एम.एफ. हक एवं महाप्रबंधक (सिस्टम) श्रीमती विभा उरांव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तेजी से बढ़ते साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित इस्तेमाल को बढ़ावा देना था।
विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर दी जानकारी
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में सीसीएल के पूर्व महाप्रबंधक (सिस्टम) श्री सुरेश बेहरा एवं सतर्कता विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक (सिस्टम) श्री मोहित जैन ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा की मूलभूत अवधारणाओं, आधुनिक साइबर खतरों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा, साइबर हाइजीन, सीआईएल की आईटी एवं साइबर सिक्योरिटी पॉलिसी, साइबर सुरक्षा फ्रेमवर्क, क्लाउड सिक्योरिटी गवर्नेंस तथा कानूनी एवं नियामकीय अनुपालन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यस्थलीय साइबर चुनौतियों पर हुआ संवाद
कार्यक्रम को प्रतिभागियों के लिए संवादात्मक एवं व्यावहारिक बनाया गया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी वास्तविक कार्यस्थलीय चुनौतियों पर चर्चा की। विशेष रूप से अनुबंधों के क्रियान्वयन के दौरान सामने आने वाली साइबर सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को लेकर प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए।
43 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
इस क्षमता निर्माण कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 43 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित उपयोग, साइबर खतरों से बचाव और कार्यस्थल पर प्रभावी साइबर सुरक्षा एवं साइबर हाइजीन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करने पर जोर दिया गया।









