धनबाद:- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद जिले के कतरास, झरिया एवं बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
SIR कार्य में खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर खानापूर्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक ERO, AERO, अतिरिक्त AERO, BLO और BLO सुपरवाइजर को अपने दायित्वों का गंभीरता, पारदर्शिता और पूरी जवाबदेही के साथ निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर SIR से संबंधित कार्यों में शिथिलता या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित BLO सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
के. रवि कुमार ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) को निर्देश दिया कि SIR के कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही सामने आने पर उसे गंभीरता से लिया जाए और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मी को यह समझना होगा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
एक भी पात्र नागरिक का नाम न छूटे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे और किसी भी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सूची से संबंधित तथ्यों और उपलब्ध अभिलेखों की गंभीरता से जांच करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
BLO को क्षेत्र में सक्रिय रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं में मतदाताओं को उचित सहयोग देने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि एक ही परिवार और घर के मतदाताओं को संभव हो तो एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध किया जाए। इसके अलावा पात्र युवा भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए उन्हें फॉर्म-6 और घोषणापत्र भरने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
वहीं, यदि किसी मतदाता के नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में कोई विसंगति है और उसे ठीक कराया जाना है, तो संबंधित मतदाता से फॉर्म-8 भरवाने का निर्देश दिया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।









