राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने देखा डूरंड कप क्वार्टर फाइनल, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास और उनमें अनुशासन, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी संदेश के साथ झारखण्ड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को राँची स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। उन्होंने एससी दिल्ली और एफसी रेंगदाई के बीच खेले गए मुकाबले को देखा और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

स्टेडियम पहुँचने पर राज्यपाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से भेंट की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। राज्यपाल ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम के साथ मिलकर आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करता है।

राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और उचित अवसर एवं प्रोत्साहन मिलने पर युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरी खेल भावना और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल की खिलाड़ियों से मुलाकात ने स्टेडियम में मौजूद खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के बीच भी उत्साह का माहौल बनाया।

राँची में डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन झारखण्ड में फुटबॉल के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल संस्कृति को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के बड़े आयोजन युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देने के साथ-साथ राज्य के खेल वातावरण को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें