गुरु पूर्णिमा पर धुर्वा शिशु विद्या मंदिर में भव्य आयोजन, राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया ‘अरुणोदय’ पत्रिका का लोकार्पण, नई शूटिंग रेंज का भी उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजधानी रांची के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा का केशव सभागार बुधवार को शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। शिशु विकास मंदिर समिति (झारखंड) के तत्वावधान में आयोजित ‘अरुणोदय’ पत्रिका लोकार्पण सह आचार्य सम्मान समारोह-2026 पूरे गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार स्वयं समारोह में शामिल हुए और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों को प्रेरणादायी संदेश दिया।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम में राज्यपाल का स्वागत शिशु विकास मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र देव गोस्वामी ने अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पौधा भेंट कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृत भारती के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री श्रीश देवपुजारी तथा पूर्व राज्यसभा सांसद श्री समीर उरांव भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को एक और बड़ी सौगात मिली। परिसर में तैयार अत्याधुनिक शूटिंग रेंज का उद्घाटन श्री श्रीश देवपुजारी एवं श्री समीर उरांव ने संयुक्त रूप से किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह सुविधा विद्यार्थियों को निशानेबाजी सहित अन्य खेल गतिविधियों में प्रशिक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

इसके बाद विद्यालय की बहुप्रतीक्षित वार्षिक पत्रिका ‘अरुणोदय’ का लोकार्पण किया गया। पत्रिका की संपादक बहन प्रियदर्शी कश्यप ने इसके उद्देश्य, विषय-वस्तु एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। लोकार्पण के बाद प्रस्तुत एकल गीत ने पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया।

विशिष्ट अतिथि श्री श्रीश देवपुजारी ने अपने संबोधन में महर्षि वेदव्यास के ज्ञान, साहित्य और भारतीय संस्कृति में उनके अमूल्य योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाले आचार्य हैं। उन्होंने आचार्यों से नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, चरित्र और नैतिक मूल्यों का संचार करने का आह्वान किया।

पूर्व राज्यसभा सांसद श्री समीर उरांव ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर शिक्षा के साथ-साथ खेल, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने परिसर में विकसित खेल सुविधाओं एवं नई अधोसंरचना को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

समारोह के दौरान वर्षों से शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ आचार्यों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सभी सम्मानित शिक्षकों का अभिनंदन किया।

अपने प्रेरक संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और जीवन-दृष्टि का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1970 में स्थापित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा आज लगभग तीन हजार विद्यार्थियों को शिक्षा देकर शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रभावना का मजबूत केंद्र बन चुका है।

राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान, रचनात्मकता और चरित्र निर्माण को बढ़ावा देती है। उन्होंने ‘अरुणोदय’ पत्रिका को विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने वाली प्रभावी पहल बताया और कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन को जीवन का आधार बनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। वहीं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “शिक्षक ही राष्ट्र के वास्तविक निर्माता हैं और उनके हाथों में देश का उज्ज्वल भविष्य सुरक्षित है।”

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में शिशु विकास मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र देव गोस्वामी, संरक्षक सदस्य पवन कुमार मंत्री, उपाध्यक्ष सुनील दत्त सिंह, डॉ. धनेश्वर महतो, डॉ. संध्या सिंह, अखिलेश्वर नाथ मिश्र, शक्तिनाथ लाल दास, अनिल झा, बलराम उपाध्याय, आशीष नाथ सहदेव, अमित नंदन, रोशन कुमार, ललन कुमार, मीना कुमारी सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें