दीदी नीलम आनंद के 74वें जन्मदिवस पर शिव शिष्य हरीन्द्रानन्द फाउंडेशन ने HEC धुर्वा में किया वृक्षारोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- साँसें हो रही कम, आओ वृक्ष लगायें हम” के संदेश के साथ शिव शिष्य हरीन्द्रानन्द फाउंडेशन, रांची के तत्वावधान में दीदी नीलम आनंद के 74वें जन्मदिवस के अवसर पर एचईसी धुर्वा में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में शिव शिष्यों एवं शिष्याओं ने भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिव शिष्य हरीन्द्रानन्द फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती बरखा आनंद ने कहा कि वन और वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यदि इतिहास पर नजर डालें तो पहले वनों का क्षेत्रफल अधिक था, जनसंख्या कम थी और प्राकृतिक संतुलन भी बेहतर था। लेकिन समय के साथ जनसंख्या वृद्धि, औद्योगिकीकरण, शहरीकरण और विकास कार्यों के कारण वनों का लगातार विनाश हुआ, जिसके दुष्परिणाम आज पूरी दुनिया भुगत रही है।

उन्होंने कहा कि वनों की कटाई के कारण कहीं बाढ़, कहीं सूखा, कहीं भूस्खलन, कहीं अत्यधिक वर्षा तो कहीं अल्प वर्षा जैसी प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिल रही हैं। ऐसे में केवल वृक्ष लगाने का संकल्प लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे धरातल पर उतारना और पौधों की देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

फाउंडेशन के मुख्य सलाहकार अर्चित आनंद ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने बताया कि शिव शिष्य हरीन्द्रानन्द फाउंडेशन पूरे देश में अब तक एक करोड़ से अधिक वृक्ष लगा चुका है और यह अभियान लगातार जारी है।

उन्होंने वन क्षेत्र से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्तमान में भारत का कुल वन क्षेत्र लगभग 79.42 मिलियन हेक्टेयर है, जो देश के कुल भू-भाग का लगभग 24.16 प्रतिशत है। वहीं झारखंड में वन क्षेत्र लगभग 23,605 वर्ग किलोमीटर है, जो राज्य के कुल भू-भाग का लगभग 26.61 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में किसी भी क्षेत्र का लगभग 33.33 प्रतिशत भाग वनाच्छादित होना चाहिए, जबकि झारखंड अभी भी इस लक्ष्य से लगभग 3.50 प्रतिशत पीछे है।

अर्चित आनंद ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में ढलान के अनुसार 40 से 80 प्रतिशत तक वन क्षेत्र होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी उतना ही जरूरी है। यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए तो भविष्य में प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में मौजूद शिव शिष्यों एवं शिष्याओं ने पौधारोपण कर समाज को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

फाउंडेशन ने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, संतुलित पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य मिल सके।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें