6 जुलाई को होगा छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह, PASWA करेगी हजारों मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- पब्लिक स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा आगामी 6 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले भव्य “छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह” की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को रांची में पासवा की एक महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले समारोह में सीबीएसई, आईसीएसई तथा जैक बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में राज्यभर से हजारों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

बैठक के दौरान प्रमाण-पत्र वितरण, मेडल की व्यवस्था, मंच संचालन, अतिथि स्वागत, मीडिया समन्वय, पंजीकरण, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां तथा कार्यक्रम संचालन सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर उनकी जिम्मेदारियां भी तय कर दी गईं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे ने कहा कि यह केवल एक सम्मान समारोह नहीं बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष झारखंड के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है तथा राज्य के तीन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय टॉपर बनकर झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन किया है।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि निजी विद्यालयों में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो।

आलोक कुमार दुबे ने कोचिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई संस्थान नॉन-स्कूलिंग को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े विज्ञापनों के माध्यम से भ्रामक प्रचार किया जाता है, जबकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने राज्य सरकार से ऐसे संस्थानों की गतिविधियों की गंभीर जांच कराने की मांग की।

पासवा के उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक सम्मान न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है बल्कि अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को समाज के सामने सम्मानित करना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 6 जुलाई को आयोजित होने वाला छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर सहमति बनी।

बैठक में मेंहुल दूबे, अनिकेत कुमार, अज़हर आलम, विद्या कुमारी, श्रुति तिवारी, अनुष्का कुमारी, वीना कुमारी, रौशन लिंडा, खुशी कुमारी, सुनैना, इमरान खान, हिमांशु कुमार, नीतिक कुमार, शाहिद आलम, आरती वर्मा, नंदनी कुमारी, अर्जुन कुमार, कैसर, सैफ, अभिषेक कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें