राँची:- अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (एबीकेएम), झारखंड की ओर से रविवार को पुरानी विधानसभा सभागार, धुर्वा में ‘कायस्थ मेधा सम्मान 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों से आए 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं भगवान चित्रगुप्त महाराज की आरती के साथ हुई। इसके बाद सांस्कृतिक संस्था रागरंग द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने समारोह को और आकर्षक बना दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद तथा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके सपनों व भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. सहाय ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को ‘यशस्वी भव’ का आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों की टीमों ने छात्रों को करियर काउंसिलिंग प्रदान की, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

इस अवसर पर डॉक्टर एच.पी. नारायण, डॉक्टर राघव शरण, दयाशंकर वर्मा, मुकेश कुमार, विवेक अखौरी, राजेश शरण, सुशील कुमार लाल, सजल सहाय, राजेश सिन्हा, सुजीत सिन्हा, रवि कुमार, अनल सिन्हा, राकेश रंजन, गुप्तेश्वर शंकर, सत्या वर्मा सहित बड़ी संख्या में महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन महासभा के वरीय पदाधिकारी राजेश सिन्हा एवं सुजीत कुमार ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।









