मोरहाबादी मैदान में 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कल्पना सोरेन बोलीं – नेशनल और इंटरनेशनल उत्पादों को देखने और खरीदने का शानदार मौका


राँची:- राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में शनिवार को 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन गांडेय विधायक एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने किया।

इस मौके पर कल्पना सोरेन ने कहा कि इस तरह के ट्रेड फेयर से लोगों को नेशनल और इंटरनेशनल उत्पादों को देखने और खरीदने का सुनहरा अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेड फेयर झारखंड के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे भी पहले इस मेले में खरीदारी करने आती थीं, जिससे इस आयोजन से उनका विशेष जुड़ाव है। उन्होंने झारखंड की बढ़ती पहचान पर गर्व जताते हुए कहा कि राज्य अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।

कल्पना सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री की दावोस यात्रा के दौरान झारखंड को एक विकसित राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिससे वैश्विक स्तर पर राज्य की छवि मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड में उद्योग और व्यापार की असीम संभावनाएं हैं।

उन्होंने फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सराहना करते हुए कहा कि चैंबर ने राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने सुझाव सरकार तक जरूर पहुंचाएं।

कार्यक्रम में एमएसएमई निदेशक इंद्रजीत यादव ने कहा कि झारखंड में एमएसएमई सेक्टर के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। खासकर फूड प्रोसेसिंग और हैंडीक्राफ्ट सेक्टर में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बताया कि इस मेगा ट्रेड फेयर में 12 देशों और 15 राज्यों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां 35,000 से अधिक यूनिक उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है।

पहले ही दिन उमड़ी भीड़

उद्घाटन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे। परिवारों और युवाओं ने अलग-अलग स्टॉल पर जमकर खरीदारी की। विदेशी उत्पादों में खास आकर्षण देखने को मिला।

मेले में अफगानिस्तान के ड्राय फ्रूट्स, ईरान का केसर, दुबई के अत्तर और परफ्यूम, थाईलैंड के एक्सक्लूसिव आइटम्स, फर्नीचर, किचन अप्लायंसेस, ऑटोमोबाइल, साड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद उपलब्ध हैं।

यह मेगा ट्रेड फेयर 6 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें