राँची:- वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देशन में राँची पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान 2.0’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। अभियान के दौरान राँची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम एवं चोरी हुए कुल 111 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों तक वापस पहुंचाने के उद्देश्य से 25 अगस्त 2026 को नवीन पुलिस केंद्र, राँची में मोबाइल वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात), राँची द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सुपुर्द किए गए।
लंबे समय के बाद अपना मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। मोबाइल फोन की बरामदगी से संबंधित नागरिकों को राहत मिली और पुलिस के इस अभियान की सराहना भी की गई।
इस अवसर पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के अतिरिक्त Mobile Recovery Cell, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा संबंधित थाना के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ऑपरेशन मुस्कान 2.0 के माध्यम से राँची पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तकनीकी सहायता से पहचान और बरामदगी की कार्रवाई लगातार की जा रही है, ताकि बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों तक वापस पहुंचाया जा सके।









