सीसीएल ने सेवानिवृत्त कर्मियों को दी गरिमापूर्ण विदाई, 132 कर्मचारियों के योगदान को किया सलाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, रांची में 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अगस्त 2026 में सीसीएल मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 06 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदाई दी गई। इस प्रकार, सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 132 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।

समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं और यादगार स्मृतियां साझा कीं। इस दौरान कंपनी के साथ उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को याद किया गया।

मुख्यालय से 6 कर्मी हुए सेवानिवृत्त

सीसीएल मुख्यालय से अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में श्री राजेश मोहन, महाप्रबंधक (सिविल), वेलफेयर एंड सर्विसेज/सिविल विभाग; डॉ. राजीव कुमार जायसवाल, सीएमओ, दरभंगा हाउस डिस्पेंसरी; श्रीमती सुनीता रवि, मैट्रन ए-1, गांधी नगर अस्पताल; श्री अबनिधर मुखर्जी, ड्राइवर, उत्खनन विभाग; श्री गोवर्धन राम, डुप्लीकेट/जेरॉक्स ऑपरेटर, वित्त (वेतन प्रकोष्ठ) तथा श्रीमती तुलसी केरकेट्टा, वार्ड परिचारक, गांधी नगर अस्पताल शामिल हैं।

सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, नए अध्याय की शुरुआत: हर्ष नाथ मिश्र

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को उनके दीर्घकालीन सेवाकाल और कंपनी के प्रति समर्पण के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीसीएल की प्रगति में प्रत्येक कर्मी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

कर्मियों का अनुभव कंपनी की अमूल्य धरोहर: पंकज कुमार

सीवीओ श्री पंकज कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों ने अपने अनुभव, मेहनत और प्रतिबद्धता से सीसीएल को निरंतर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों का योगदान और अनुभव कंपनी की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को उज्ज्वल, स्वस्थ एवं खुशहाल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मान

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम के दौरान कंपनी के प्रति उनके लंबे सेवाकाल और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें