राँची:- राजधानी रांची के खेलगांव हाउसिंग कॉम्पलेक्स में रविवार, 30 अगस्त 2026 को हनुमान मंदिर परिसर में अति दुर्लभ कल्पवृक्ष का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर आवासीय परिसर के निवासियों और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने समस्त मानवता के कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
दक्षिण अफ्रीका से आए बीज से तैयार हुआ पौधा
खेलगांव में लगाया गया वर्तमान कल्पवृक्ष करीब 9 फीट ऊंचा है। इसे कोकर निवासी श्री राजू प्रसाद ने खेलगांव हाउसिंग कॉम्पलेक्स को प्रदान किया। जानकारी के अनुसार, इस वृक्ष का बीज उनके एक मित्र दक्षिण अफ्रीका से लेकर आए थे। राजू प्रसाद ने बीज से पौधे को तैयार कर उसका पालन-पोषण किया और करीब 9 फीट का होने के बाद इसे खेलगांव परिसर में लगाया गया।
वृक्षारोपण के अवसर पर श्री राजू प्रसाद के साथ श्री रंजीत कुमार सिन्हा, श्री सपन घोष, श्री सुधीर श्रीवास्तव, श्री सुधीर कुमार-अधिवक्ता और श्री प्रशांत कुमार उपस्थित रहे।
खेलगांव परिसर के निवासियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्यक्रम को मूर्त रूप देने में खेलगांव आवासीय परिसर के श्री प्रमोद कुमार जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके द्वारा कल्पवृक्ष के लिए स्थान का निर्धारण करने के साथ-साथ वृक्षारोपण से जुड़े अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए।
इस अवसर पर कप्तान दिनेश सिंह ने कहा कि यदि इस वृक्ष को देवता का उपहार माना जाता है तो इसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी की है। उन्होंने लोगों से वृक्ष से उचित दूरी बनाए रखने और इसकी धार्मिक आस्था के नाम पर किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर धागा बांधना, इसकी पत्तियां तोड़ना या इस पर प्रसाद चढ़ाना जैसे कार्यों से बचना चाहिए, ताकि वृक्ष सुरक्षित और स्वस्थ रह सके।
वैदिक पूजन के साथ हुआ पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर कैलाश नाथ चतुर्वेदी ने विधिवत वैदिक पूजन कराया। उन्होंने उपस्थित लोगों को रक्षा सूत्र बांधा और प्रसाद का वितरण भी किया। कार्यक्रम की संकल्पना और संयोजन डॉ. नीरज कुमार चतुर्वेदी ने किया।
पौधारोपण के लिए श्रमदान करने वाले पूर्व सैनिक श्री जगदीश राय ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह जीवनदायी वृक्ष है और इसका लगाया जाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मानवता और धरती के संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम में श्री देवेंद्र प्रसाद, श्री प्रभात कुमार, श्री महेश प्रसाद, श्री अमरेंद्र कुमार, श्री शिवनंदन प्रसाद, श्री नागेंद्र कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अपनी धरती के संरक्षण और समाज में मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “एक पेड़ मां के नाम” मुहिम का भी उल्लेख किया और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम खेलगांव के दो मॉर्निंग वॉकर ग्रुप “पागलों की सरकार” और “खेल गांव के खिलाड़ी” की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृक्ष संरक्षण के साथ-साथ लोगों में प्रकृति, पर्यावरण और मानवता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।









