राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत की नींव रखने वाला नेतृत्व बताया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर रांची के धुर्वा स्थित राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व, उनकी दूरदर्शी सोच और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव, फिरोज रिजवी मुन्ना, मेंहुल दूबे, कुमुद रंजन, संजीत यादव, अभिषेक साहू, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

21वीं सदी के भारत के स्वप्नद्रष्टा थे राजीव गांधी : केशव महतो कमलेश

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी 21वीं सदी के भारत के स्वप्नद्रष्टा थे। देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्रियों में शामिल राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में सूचना क्रांति, युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी, मताधिकार की उम्र सीमा घटाने और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देश को दिशा देने वाला है। उनकी दूरदर्शी सोच ने भारत को बदलते वैश्विक दौर के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भविष्य की जरूरतों को समय रहते पहचाना : डॉ. रामेश्वर उरांव

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने राजीव गांधी को विलक्षण प्रतिभा के धनी, आधुनिक सोच वाले और दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी अपने समय से आगे की सोच रखते थे और यह समझने का प्रयास करते थे कि आने वाले वर्षों में देश को किन चीजों की आवश्यकता होगी।

डॉ. उरांव ने कहा कि राजीव गांधी ने विकास को केवल राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा, बल्कि रोजगार, शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी और ग्रामीण विकास को भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना।

उन्होंने कहा कि जिस दौर में दुनिया तेजी से तकनीकी बदलाव की ओर बढ़ रही थी, उस समय राजीव गांधी ने भारत में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। आज सूचना तकनीक और सर्विस सेक्टर भारतीय अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।

डॉ. उरांव ने पंचायती राज व्यवस्था को लेकर भी राजीव गांधी की सोच को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी लोकतंत्र को केवल संसद और विधानसभा तक सीमित रखने के पक्ष में नहीं थे, बल्कि गांव के स्तर तक लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूत करने की सोच रखते थे।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना केवल उनके समय का सपना नहीं था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भारत का सपना था। युवाओं, किसानों, महिलाओं, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

युवाओं को 21वीं सदी का सपना दिखाया : डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू

डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के नौजवानों को 21वीं सदी का सपना दिखाया और कंप्यूटर एवं तकनीक को भारत के विकास का महत्वपूर्ण आधार बनाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आज तकनीक और पर्यावरण दोनों भविष्य की अनिवार्य जरूरतें हैं। राजीव गांधी के विचारों और उनके सपनों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

20वीं सदी में जन्म लेकर 21वीं सदी का सपना देखा : आलोक कुमार दूबे

प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राजीव गांधी 20वीं सदी में जन्म लेकर 21वीं सदी का सपना देखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने छात्रों और युवाओं को आधुनिक भारत का सपना दिखाया।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आज तकनीक और सोशल मीडिया के माध्यम से युवा अपनी आवाज देशभर तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने जिस सूचना क्रांति की नींव रखने की दिशा में काम किया, उसका प्रभाव आज समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में लिए गए कई दूरदर्शी फैसलों का प्रभाव आज भी देश महसूस कर रहा है और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।

बदलते भारत की नई दिशा के शिल्पकार थे राजीव गांधी : लाल किशोर नाथ शाहदेव

प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राजीव गांधी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि बदलते भारत की नई दिशा के शिल्पकार थे। उन्होंने युवाओं की क्षमता और देश की नई पीढ़ी पर भरोसा किया।

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, शिक्षा और पंचायती राज के क्षेत्र में लिए गए फैसलों ने भारत को आने वाले दशकों के लिए तैयार करने में भूमिका निभाई। राजीव गांधी वर्तमान की चुनौतियों के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी देखते थे।

आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाले नेता : डॉ. राजेश गुप्ता

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि राजीव गांधी को 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव मजबूत करने वाले नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने युवाओं पर भरोसा किया, गांवों को मजबूत करने की दिशा में काम किया और सूचना क्रांति के माध्यम से देश को नई दिशा देने की पहल की।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देकर लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया गया। राजीव गांधी के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

तकनीकी प्रगति और लोकतांत्रिक भागीदारी में दिखती है दूरदर्शिता

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शिता का प्रभाव आज देश की तकनीकी प्रगति, सूचना क्रांति, पंचायती राज और युवाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जा सकता है।

नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और आधुनिक, लोकतांत्रिक एवं समावेशी भारत के निर्माण के लिए काम करना ही भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें