राँची:- देशभर के साथ सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में भी 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सीसीएल मुख्यालय सहित कंपनी के सभी क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह सीसीएल की गांधीनगर कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में आयोजित हुआ, जहां सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री निलेंदु कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार, सीआईएसएफ के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सुरक्षा बलों एवं विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना देखने को मिली। समारोह में सीसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा जवानों, विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों की उपस्थिति रही।
वीर शहीदों के बलिदान को किया नमन
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सीसीएल सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के अतुलनीय पराक्रम को नमन किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एक महान राष्ट्र के निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सीसीएल देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ नए भारत के निर्माण और झारखंड के औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में सीसीएल की महत्वपूर्ण भूमिका
सीएमडी ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है। इसके साथ आत्मनिर्भरता, नवाचार, समावेशी विकास, पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक न्याय भी जुड़े हुए हैं। सीसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ है और कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता, आधारभूत संरचना तथा तकनीकी दक्षता को लगातार मजबूत कर रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में चालू वर्ष में अब तक सीसीएल के कोयला उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ रही है। मगध परियोजना की क्षमता को 20 MTY से बढ़ाकर 24 MTY किए जाने के साथ नई परियोजनाओं, फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन तथा रेल साइडिंग के विकास में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
पर्यावरण संरक्षण को भी दी जा रही प्राथमिकता
सीएमडी ने कहा कि सीसीएल विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रहा है। कंपनी के पास वर्तमान में 32.3 मेगावाट की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता है। बरका-सयाल क्षेत्र में ओवरबर्डन डंप पर स्थापित 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र तथा गिरिडीह में 100 मेगावाट क्षमता वाले बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) से युक्त सौर परियोजना हरित ऊर्जा के क्षेत्र में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 279 हेक्टेयर के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 322 हेक्टेयर क्षेत्र में वृक्षारोपण किया गया। इसके अलावा आधुनिक पर्यावरणीय निगरानी व्यवस्था, फॉग कैनन, वर्षा जल संचयन और मैकेनिकल रोड स्वीपर्स जैसी पहलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को और मजबूत किया जा रहा है।
ढाई लाख लोगों को मिल रहा Surplus Mine Water का लाभ
सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी सीसीएल की ओर से कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। कंपनी के ‘Surplus Mine Water Utilization’ कार्यक्रम से लगभग 140 गांवों के करीब ढाई लाख लोगों को लाभ मिल रहा है।
वहीं पिपरवार क्षेत्र के बचरा में स्थापित ‘कोल नीर बॉटलिंग प्लांट’ महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। इस पहल से महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षा जवानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सुरक्षा जवानों को उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सीसीएल कमांड एरिया में संचालित डीएवी विद्यालयों एवं केंद्रीय विद्यालयों की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सीसीएल सुरक्षा जवानों, सीआईएसएफ, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न स्कूलों के बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। डीएवी गांधीनगर, केंद्रीय विद्यालय एवं ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
तीन रंगों के गुब्बारे उड़ाकर दिया एकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सीसीएल सीएमडी, निदेशकगण, सीवीओ एवं अन्य अतिथियों ने तीन रंगों वाले गुब्बारे उड़ाकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। समारोह का लाइव प्रसारण सीसीएल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया गया, जिससे कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मी भी कार्यक्रम से जुड़े।
इससे पूर्व सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने दरभंगा हाउस परिसर एवं गांधीनगर अस्पताल में भी ध्वजारोहण किया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
अपने संबोधन के अंत में सीसीएल सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने सीसीएल परिवार के परिश्रम, समर्पण और ईमानदारी को सलाम करते हुए सभी से सुरक्षा, पारदर्शिता और सतत विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने और देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की









