CCL कर्मियों के लिए सुरक्षा कवच बना कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज, दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को ₹1 करोड़ का दुर्घटना मृत्यु लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सीसीएल और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (Corporate Salary Package-CSP) के अंतर्गत कुजू क्षेत्र के जीएम यूनिट स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को ₹1 करोड़ की दुर्घटना मृत्यु लाभ राशि का चेक प्रदान किया गया।

यह लाभ कर्मा परियोजना, कुजू क्षेत्र में कार्यरत दिवंगत श्री बसुदेव महतो, पूर्व सहायक (ग्रेड-डी) के आश्रितों को मिला। कार्यक्रम के दौरान उनकी माता श्रीमती भोखरी देवी को सीसीएल और पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ₹1 करोड़ का चेक सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों ने दिवंगत कर्मचारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

सीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के अंतर्गत दुर्घटना मृत्यु लाभ के दावे का यह सातवाँ सफल निपटान है। इससे स्पष्ट होता है कि यह योजना केवल बैंकिंग सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाला एक प्रभावी सामाजिक सुरक्षा तंत्र बन चुकी है।

कार्यक्रम में कुजू क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार सिन्हा, सीसीएल मुख्यालय से विभागाध्यक्ष (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध) श्री पल्लब चक्रवर्ती, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती रूबी रंजन, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती सुचित्रा मुखर्जी, कर्मा परियोजना के परियोजना पदाधिकारी श्री रमेश्वर मुंडा तथा स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) श्री सुमित प्रज्ञ सारंगी उपस्थित रहे।

पंजाब नेशनल बैंक की ओर से हजारीबाग सर्किल के सर्किल हेड श्री दीपक कुमार वर्मा, मार्केटिंग हेड श्री रोहित, कुजू शाखा के शाखा प्रबंधक श्री ईशाक बरला, शाखा प्रबंधक श्री ब्रह्मांड साह तथा पीएनबी मेटलाइफ के सर्किल हेड श्री बिनोद कुमार सहित बैंक के कई अधिकारी समारोह में मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज केवल वेतन भुगतान की व्यवस्था नहीं है, बल्कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए एक मजबूत वित्तीय सुरक्षा कवच भी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे इस योजना के अंतर्गत मिलने वाले बीमा और अन्य लाभों की जानकारी प्राप्त करें तथा उनका अधिकतम लाभ उठाएं।

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सीसीएल और पंजाब नेशनल बैंक भविष्य में भी कर्मचारी कल्याण और उनके आश्रितों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जारी रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें