55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता 2026 की तैयारियां तेज़, CCL मुख्यालय में पहली कार्यकारी समिति की बैठक सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- देश की प्रतिष्ठित 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)–2026 के सफल आयोजन की तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है। इसी क्रम में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, रांची में प्रतियोगिता की पहली कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रतियोगिता के सफल, सुरक्षित और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

CCL को इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेज़बानी मिलने को कंपनी की संगठनात्मक क्षमता, सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और बड़े आयोजनों के सफल संचालन के अनुभव का प्रमाण माना जा रहा है। प्रतियोगिता देशभर के कोयला एवं धातु खनन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, रेस्क्यू टीमों और सुरक्षा अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।बैठक में खान सुरक्षा उपमहानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ. एस.एस. प्रसाद, CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेन्दु कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) अनूप हंजूरा, DGMS के वरिष्ठ अधिकारी, CIL मुख्यालय के सुरक्षा एवं बचाव विभाग के अधिकारी, देशभर की विभिन्न कोयला एवं धातु कंपनियों के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव), रेस्क्यू स्टेशनों के प्रभारी, JSSPS के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) तथा CCL के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेन्दु कुमार सिंह ने कहा कि DGMS, Coal India Limited तथा सभी सहभागी कंपनियों के सहयोग से प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खान सुरक्षा एवं बचाव के क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित करेगा और भारतीय खनन उद्योग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे खान सुरक्षा उपमहानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ. एस.एस. प्रसाद ने सभी तैयारियों में गुणवत्ता, तकनीकी उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी संस्थाओं से समयबद्ध तैयारी, समन्वय और सक्रिय सहभागिता की अपील की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 55वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता (कोयला एवं धातु)–2026 का आयोजन 29 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह, मार्च-पास्ट, ड्रिल, फर्स्ट एड तथा रोप रेस्क्यू जैसी प्रमुख स्पर्धाएं JSSPS खेलगांव, रांची में आयोजित होंगी। वहीं समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण भी यहीं होगा।

इसके अतिरिक्त रेस्क्यू एवं रिकवरी, फ्रेश एयर बेस तथा कैप्टन्स रिपोर्ट जैसी व्यावहारिक प्रतियोगिताएं CCL के बरका-सयाल क्षेत्र स्थित भुरकुंडा भूमिगत खदान में आयोजित की जाएंगी, जहां प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता और आपदा प्रबंधन क्षमता का वास्तविक परिस्थितियों में मूल्यांकन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 37 टीमों के भाग लेने की संभावना है। बैठक में महिला टीमों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उनके आवास, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान आयोजन से जुड़े तकनीकी, प्रशासनिक और लॉजिस्टिक पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी समितियों को समयबद्ध रूप से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए ताकि प्रतियोगिता का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप किया जा सके।

खनन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रतियोगिता केवल एक प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि खान सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू तकनीकों के आदान-प्रदान का राष्ट्रीय मंच है, जिससे देशभर की खनन कंपनियों को नई तकनीकों और बेहतर सुरक्षा प्रबंधन की दिशा में सीखने का अवसर मिलेगा।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें