राँची में “रंग अनेक, सम्मान एक” प्राइड सेलिब्रेशन आयोजित, विविधता, सम्मान और समावेशन का दिया गया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:-  राँची चाइल्ड इन नीड इंस्टीट्यूट (CINI), झारखंड द्वारा G-SAFE+ (Gender-sensitive, Inclusive and Safe East Indian Neighborhoods for All Communities, including LGBTQIA+) परियोजना के अंतर्गत Terre des Hommes (TDH) के सहयोग से शनिवार को राँची के मधुकम स्थित मुर्गा मैदान में “रंग अनेक, सम्मान एक” प्राइड सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल LGBTQIA+ समुदाय का उत्सव मनाना नहीं था, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को इस पहल से जोड़ते हुए उनके प्रति सम्मान, स्वीकृति और समावेशन की भावना को बढ़ावा देना भी था। आयोजन में 160 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें बच्चे, किशोर-किशोरियाँ, युवा, समुदाय के सदस्य, विभिन्न हितधारक तथा LGBTQIA+ समुदाय के प्रतिनिधि शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए कई जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें जागरूकता सत्र, पौधों में पानी देने की प्रतीकात्मक गतिविधि, पोस्टर प्रदर्शनी, पम्पलेट वितरण, प्राइड वॉक, फैशन वॉक, लैंगिक समानता पर आधारित साँप-सीढ़ी खेल, अनुभव साझा करने के सत्र तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रमुख रहीं।

आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज में विविधता का सम्मान करते हुए समानता, गरिमा और सभी समुदायों के लिए सुरक्षित एवं समावेशी वातावरण बनाने का संदेश देना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण और सभी व्यक्तियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन समानता, सम्मान एवं समावेशन को बढ़ावा देने तथा हर प्रकार के भेदभाव का विरोध करने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में एस. जे. संगीता (Project Lead), जैस्मिन पुर्ती (Community Mobiliser) तथा आकांक्षा मिश्रा, गौरव कुमार एवं कनिका राजकमल (ILC Facilitators) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें