झारखंड में विस्तार पर इंडियन ओवरसीज बैंक का फोकस, जल्द खुलेंगी नई शाखाएं: एमडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राँची:- इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) के प्रबंधन निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा है कि बैंक देशभर में अपने विस्तार की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसी क्रम में आने वाले समय में 250 नई शाखाएं खोली जाएंगी। उन्होंने यह जानकारी सोमवार को रांची मुख्य शाखा में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में दी।

उन्होंने बताया कि झारखंड बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण राज्य है और यहां बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की व्यापक योजना तैयार की गई है। वर्तमान में झारखंड में बैंक का कुल कारोबार लगभग 6,000 करोड़ रुपये है, जिसे बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य में बैंक का कुल क्रेडिट पोर्टफोलियो लगभग 1,600 करोड़ रुपये का है। जामताड़ा में दो नई शाखाओं का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही उनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा झारखंड में एक क्षेत्रीय कार्यालय (रीजनल ऑफिस) स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक की स्थापना वर्ष 1937 में हुई थी और बैंक अपनी गौरवशाली यात्रा के 90 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में बैंक का कुल कारोबार करीब 7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। पिछले वित्तीय वर्ष में बैंक ने 1,505 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया है, जबकि ऋण वितरण (क्रेडिट ग्रोथ) में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

एमडी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में बैंक ने देशभर में 250 नई शाखाएं खोली हैं और अब अगले चरण में इतनी ही नई शाखाएं शुरू करने की तैयारी है। पिछले दो वर्षों में बैंक ने आठ नए क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किए हैं। देशभर में बैंक के 12 हजार से अधिक बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इंडियन ओवरसीज बैंक डिजिटल बैंकिंग और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रहा है। बैंक के अधिकांश कार्य अब डिजिटल माध्यम से संचालित हो रहे हैं। साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर और उन्नत सुरक्षा प्रणालियों का उपयोग किया जा रहा है।

अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जमशेदपुर या बोकारो को बैंक के दूसरे प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। उनका कहना था कि बैंक झारखंड में ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने और अपनी पहुंच को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी सुशांत कुमार गोयल सहित कई बैंककर्मी मौजूद रहे।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें