विश्व पर्यावरण दिवस पर PASWA का बड़ा संकल्प, झारखंड में इस वर्ष लगाए जाएंगे 50 लाख वृक्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची, 5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (PASWA) ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ा संकल्प लिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के आह्वान पर झारखंड के सभी जिलों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर संगठन ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मानसून के दौरान राज्यभर में 50 लाख वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

राजधानी रांची में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में PASWA के पदाधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व मेहुल दूबे ने किया। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की गई तथा उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार कम हो रहे हरित क्षेत्र आज पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन चुके हैं। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक कदम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

Ranchi Club Tv
Author: Ranchi Club Tv

Leave a Comment

और पढ़ें